गुना के औद्योगिक क्षेत्र में गौवंश का कटा हुआ सिर मिलने से आक्रोश
अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अनंत न्यूज़ @गुना। कैंट थाना अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से सनसनी फैल गई। मिनी मार्बल चौराहे के पास हुई इस घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गौसेवक मौके पर पहुंचे और घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गौसेवकों को सूचना मिली थी कि इंडस्ट्रियल एरिया में एक गौवंश का क्षत-विक्षत सिर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही गौसेवक राम सिंह रजक, किशन बैरागी, विवेक व्यास, मोनू ओझा सहित अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। मुआयना करने के बाद गौसेवकों ने दावा किया है कि बछड़े का सिर धारदार हथियार से काटा गया है, क्योंकि वहां किसी जानवर द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। इस घटना को लेकर गौसेवकों में भारी नाराजगी देखी गई। उन्होंने मांग की है कि जिस तरह पुलिस मानव तस्करी और मानव वध के मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई करती है, उसी तरह इस मामले को भी पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। गौसेवकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश हैं। घटना के बाद गौसेवक रितिक अहिरवार की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।