एम-3 टाउन में पारदी गैंग का आतंक, रातभर पहरा दे रहे लोग
सुरक्षा को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन
गुना।अनंत न्यूज़
शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार एम-3 टाउन कॉलोनी इस समय लगातार हो रही चोरी, लूट और संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों के कारण दहशत का केंद्र बन चुकी है। इलाके में पारदी गिरोह की बढ़ती सक्रियता और पुलिस गश्त की कमी से नाराज रहवासियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक शिकायती आवेदन सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधियों पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो वे उग्र धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
एसपी को सौंपे गए ज्ञापन में संजीव रघुवंशी, रविन्द्र सिंह, सुनील रजक, चेतन पटेल, ओमप्रकाश रघुवंशी, राकेश सेन, मोनिका शर्मा, वीरेन्द्र सिंह, सत्यप्रताप सिंह और विश्वजीत सिंह रघुवंशी सहित अनेक कॉलोनीवासियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही वारदातों के चलते पूरी कॉलोनी में भय और असुरक्षा का माहौल है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना दूभर हो गया है, जिसके कारण कॉलोनी के पुरुष रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक लाठियां लेकर पहरा देने को मजबूर हैं, वहीं दिन के समय भी लोग घरों में ताले लगाकर रख रहे हैं।
एक के बाद एक कई वारदातें, सक्रिय है पारदी गैंग
कॉलोनी में सिलसिलेवार ढंग से हुई वारदातों ने पूरे इलाके को दहला दिया है, जिसमें सबसे पहली बड़ी घटना बीते 23 मई को सामने आई थी जब अपराधियों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद 5 जून को संदिग्ध अपराधियों द्वारा कॉलोनी के कई मकानों के आसपास घूमकर और खिड़कियों-दरवाजों से भीतर झांककर रेकी की गई, जिसके पुख्ता सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं। इस घटना के अगले ही दिन यानी 6 जून को अज्ञात चोरों ने कॉलोनी में खड़ी तीन स्कूटी और एक मोटरसाइकिल के लॉक तोड़कर उन्हें चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन गनीमत रही कि रहवासियों की नजर पड़ गई और बदमाश गाड़ियां छोड़कर भाग निकले। वहीं 8 जून को भी देर रात चार अज्ञात संदिग्धों को कॉलोनी में घूमते और हलचल करते देखा गया, जिससे रहवासियों में हड़कंप मच गया। इन सभी घटनाओं को लेकर रहवासियों का स्पष्ट दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे क्षेत्र में सक्रिय पारदी गैंग का हाथ है, जो सिलसिलेवार तरीके से रेकी कर वारदातों को अंजाम दे रहा है।
सशस्त्र जवान तैनात करने की मांग
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कॉलोनीवासियों ने एसपी से मांग की है कि एम-3 टाउन कॉलोनी में पुलिस बल अथवा सशस्त्र जवानों को स्थाई रूप से तैनात किया जाए। इसके साथ ही रोजाना रात 1 बजे से सुबह 4 बजे के बीच 'चीता मोबाइल' (पुलिस गश्त दल) की आवाजाही को अनिवार्य किया जाए और हाल ही में हुई लूट व चोरी के प्रयासों की उच्च स्तरीय जांच कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। रहवासियों ने पुलिस प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी सुरक्षा को लेकर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे अपनी जान-माल की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।