उपलब्ध संसाधनों में अच्छा कार्य करने का जज्बा रखें अधिकारी: कलेक्टर
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की जिला स्तरीय समिति की बैठक में दिए निर्देश; लापरवाही पर लगेगा जुर्माना
गुना। अनंत न्यूज़
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के तहत गठित विशेष सेल एवं जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम गुना शिवानी पाण्डे सहित समस्त सीएमओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर कन्याल ने कहा कि जिस प्रकार स्वच्छता हमारी दिनचर्या का हिस्सा है, उसी प्रकार यह हमारे आसपास, मोहल्लों एवं वार्डों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे उपलब्ध संसाधनों में ही बेहतर कार्य करने का जज्बा रखें। बैठक में गीले, सूखे, घरेलू एवं ई-वेस्ट कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कचरा परिवहन करने वाले वाहन पूर्णत: ढके हुए हों तथा कहीं भी खुले में कचरा न फेंका जाए। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध फाइन लगाकर दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही पुराने कचरा कलेक्शन पॉइंट को चिन्हित कर उन्हें सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित किया जाए। स्वच्छता दूतों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर हेल्थ कैंप आयोजित करने तथा उन्हें मास्क, ग्लव्स, पानी की बोतल, शूज एवं बैग सहित आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अमानक पॉलिथीन के विरुद्ध नियमित छापामार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा बल्क वेस्ट जनरेटर के लिए निर्धारित मानकों के कड़ाई से पालन पर चर्चा की।