इंसानियत शर्मसार, फीमेल डॉग को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला
बाइक से घसीटकर ले गए शव, थाने तक पहुंचा मामला
गुना।अनंत न्यूज़
त्रिमूर्ति कॉलोनी में पशु क्रूरता की एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां साहू धर्मशाला के सामने वाली गली में एक व्यक्ति ने न केवल एक फीमेल डॉग की बेरहमी से हत्या कर दी, बल्कि साक्ष्य छुपाने के लिए उसके शव को बाइक से घसीटते हुए ले गया। इस वीभत्स घटना का वीडियो सामने आने के बाद मोहल्ले की नागरिक हार्दिका जैन ने शहर कोतवाली पुलिस में नामजद शिकायती आवेदन दिया है।
शिकायत के मुताबिक, घटना 3 मई की रात लगभग 11 बजे की है। आरोपी ने पहले अपने हाथ में खाना लेकर डॉग्स को प्यार से पास बुलाया। जब मासूम बेजुबान खाने के लालच में पास आए, तो आरोपी ने अचानक डंडे से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में एक फीमेल डॉग गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। क्रूरता की हद तो तब पार हो गई जब हत्या के बाद आरोपी ने घर से पानी लाकर सड़क पर फैला खून साफ किया ताकि किसी को भनक न लगे। इसके बाद उसने मृत डॉग को रस्सी से बांधा और अपनी बाइक से घसीटते हुए कहीं दूर फेंक आया। हार्दिक जैन ने इस घटना को हृदय विदारक बताते हुए पुलिस को घटना से संबंधित महत्वपूर्ण वीडियो फुटेज भी सौंपे हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस को सौंपी गई शिकायत में आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।