7 मिनट के भीतर 17 लाख की लूट : धनिया व्यापारी की आंखों में स्प्रे झोंककर रुपए ले गए बदमाश, काफी देर तक संघर्ष के पास आरोपियों को नहीं पकड़ पाया पीड़ित

शहरभर में अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर लगे कैमरे खंगाले जा रहे

7 मिनट के भीतर 17 लाख की लूट : धनिया व्यापारी की आंखों में स्प्रे झोंककर रुपए ले गए बदमाश, काफी देर तक संघर्ष के पास आरोपियों को नहीं पकड़ पाया पीड़ित
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं आरोपियों के चेहरे।

गुना।अनंत न्यूज़

शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत निचला बाजार स्थित शीतला माता मंदिर रोड पर बुधवार सुबह एक ऐसी दुस्साहसिक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक धनिया व्यापारी को अपना निशाना बनाते हुए दिनदहाड़े 17 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए व्यापारी की आंखों में मिर्ची या कोई अज्ञात केमिकल स्प्रे झोंक दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर के रहने वाले व्यापारी वासुदेव शर्मा वर्तमान में गुना के चौधरी मोहल्ला में किराए का मकान लेकर रहते हैं। वे अपने दो अन्य बिजनेस पार्टनर दिनेश शिवहरे और पवन बैरागी के साथ मिलकर जिले में बड़े स्तर पर धनिया का व्यापार करते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वासुदेव शर्मा अपने अन्य पार्टनर व्यापारियों को धनिया की खेप का भुगतान करने के लिए 17 लाख रुपये नकद लेकर कुंभराज जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन बदमाशों को संभवत: उनके पास इतनी बड़ी रकम होने की भनक पहले से थी। व्यापारी वासुदेव जैसे ही निचला बाजार शीतला माता मंदिर रोड के पास पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि व्यापारी कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनकी आंखों में कोई अत्यंत तीखा अज्ञात स्प्रे डाल दिया। आंखों में असहनीय जलन होने के बावजूद व्यापारी वासुदेव ने हार नहीं मानी। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लगभग 7 मिनट तक उन तीनों नकाबपोश बदमाशों से अकेले ही लोहा लिया। वासुदेव ने रुपयों से भरा बैग बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी और बदमाशों से गुत्थमगुत्था होते रहे। लेकिन अंतत: बदमाश संख्या में अधिक होने के कारण उनके हाथ से 17 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर हवा में बाइक लहराते हुए रफूचक्कर होने में कामयाब रहे।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, छानबीन में जुटीं पुलिस की 6 टीमें

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज और इतनी बड़ी रकम की लूट की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) राजकुमार शर्मा तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी तत्काल सूचित किया गया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर काफी देर तक गहन जांच-पड़ताल की और पीड़ित व्यापारी सहित आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर बदमाशों के हुलिए और भागने की दिशा के बारे में जानकारी जुटाई। इतनी बड़ी वारदात के बाद गुना पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। अपराधियों को दबोचने के लिए पुलिस द्वारा तत्काल अलग-अलग दिशाओं में काम शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में पुलिस की 6 विशेष टीमें अपराधियों की धरपकड़ और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इसके अलावा, गुना शहर के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि बदमाशों की बाइक का नंबर और उनके भागने का सटीक रूट ट्रैक किया जा सके। तकनीकी सेल (साइबर टीम) भी इस मामले में सक्रियता से काम कर रही है।

दौरे पर आए आईजी अरविंद सक्सेना ने घोषित किया 30 हजार का इनाम

इस वारदात की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुधवार को ही गुना जिले के दौरे पर आए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने मामले को तुरंत संज्ञान में लिया। आईजी अरविंद सक्सेना ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। आईजी ने इस अंधी लूट का पदार्फाश करने और अज्ञात नकाबपोश बदमाशों की सूचना देने या उन्हें गिरफ्तार करवाने वाले के लिए 30 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा कर दी है। पुलिस का दावा है कि शहर के सभी निकास द्वारों पर नाकाबंदी कर दी गई है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।