10 मई को वीआईपी भ्रमण के दौरान शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर बदली यातायात व्यवस्था

गुना पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग व्यवस्था की जारी एडवाइजरी, भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध

10 मई को वीआईपी भ्रमण के दौरान शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर बदली यातायात व्यवस्था

गुना।अनंत न्यूज़

 दिनांक 10 मई 2026 को प्रस्तावित वीआईपी भ्रमण के मद्देनजर शहर में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुना पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस प्रशासन के अनुसार रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा से गोपाल मंदिर की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों का आवागमन सीधे गोपालपुरा रोड से नहीं होगा। ऐसे वाहन रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा, अंबेडकर चौराहा, जेल तिराहा होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचेंगे। वहीं गोपाल मंदिर से रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा की ओर आने वाले वाहन जेल तिराहा और अंबेडकर चौराहा मार्ग से संचालित किए जाएंगे।

कैंट-अशोकनगर मार्ग पर पंचमुखी मंदिर से हनुमान चौराहा तक भारी वाहन, कमर्शियल वाहन एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

बाहर से आने वाले आगंतुकों एवं नागरिकों के वाहनों की पार्किंग के लिए बीज निगम मैदान निर्धारित किया गया है। रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहा की ओर से आने वाले वाहन बीज निगम मैदान में पार्क किए जाएंगे, जबकि गोपाल मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पुलिस कंट्रोल रूम के सामने स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान में कराई जाएगी।

इसके अतिरिक्त संजय स्टेडियम ग्राउंड तथा खेल प्रशाल के सामने उद्यानिकी विभाग की भूमि पर भी अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में निर्धारित की गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस एवं प्रशासनिक वाहनों जैसी आपातकालीन सेवाओं को आवश्यकता अनुसार प्राथमिकता के साथ नियंत्रित प्रवेश दिया जाएगा।

गुना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में सुचारु यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें।