सड़कों पर उतरे 'कलेक्टर-एसपी' पैदल नापे शहर के चौराहे
अतिक्रमण और बेतरतीब ट्रैफिक पर कसेगा शिकंजा
गुना।अनंत न्यूज़
शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा अतिक्रमण की समस्या के प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने, विद्युत व्यवस्था तथा सड़क चौड़ीकरण को लेकर मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहे से नानाखेड़ी तक पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराने और अवैध अतिक्रमण तथा गुमटियों को हटाने के निर्देश दिए गए। नानाखेड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे बने गड्ढों को शीघ्र भरने के लिए नगर पालिका को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान अंबेडकर चौराहे पर रात्रि आवागमन सुरक्षित करने हेतु स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। हनुमान चौराहे पर यातायात के दबाव को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका को मिलकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा गया। जय स्तंभ चौराहे पर बिखरी विद्युत वायरिंग को व्यवस्थित करने और स्पष्ट लाइन मार्किंग के अनुरूप यातायात संचालित कराने के निर्देश मिले।
दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उपाय
जगत होटल क्षेत्र में सड़क डिवाइडरों पर रात्रि दृश्यता बढ़ाने के लिए रेडियम स्टड व रिफ्लेक्टिव संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं मारुति सुजुकी तिराहे पर वाहनों की तेज गति को देखते हुए स्पीड ब्रेकर बनाने का सुझाव दिया गया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन और एसडीएम शिवानी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।