सिसौदिया बने रहेंगे टेकरी ट्रस्ट संरक्षक, हफ्ते में एक बार खुलेगी दानपेटी
रामायण लोक कॉरिडोर की तैयारी भी तेज
गुना। अनंत न्यूज़
श्री हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट कार्यालय पर हाल ही में एक महत्वपूर्ण आकस्मिक बैठक रखी गई, जिसमें ट्रस्ट के भविष्य और क्षेत्र के धार्मिक विकास को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। बैठक में सबसे प्रमुख फैसला पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के इस्तीफे को लेकर हुआ, जिसे ट्रस्ट ने सर्वसम्मति से नामंजूर कर दिया है। अब वह पहले की तरह ही संरक्षक के पद पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। जबकि ट्रस्टी राजेंद्र अग्रवाल का इस्तीफा उनकी विशेषताओं के चलते दिया गया था इसलिए उसे मंजूर कर लिया गया है।
दरअसल, टेकरी ट्रस्ट के प्रवक्ता राजेश अग्रवाल ने हाल ही में पूर्व मंत्री सिसोदिया से विचार-विमर्श के बाद क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक मांग पत्र सौंपा है। इस योजना के तहत श्री हनुमान टेकरी, श्री राम टेकरी, श्री लक्ष्मण टेकरी और मकरावदा डैम को आपस में जोड़कर एक भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया जाना है, जिसे रामायण लोक नाम दिया जाएगा। इस दिव्य और महत्वाकांक्षी योजना के साकार होने से गुना का नाम देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों की सूची में अग्रिम पंक्ति में शामिल हो जाएगा। इस सपने को सच करने के लिए श्री हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट और श्री राम टेकरी ट्रस्ट मिलकर साझा प्रयास करेंगे। इसी बड़े प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन को देखते हुए ट्रस्ट ने संरक्षक महेंद्र सिंह सिसोदिया से अपने इस्तीफे पर पुनर्विचार का आग्रह किया और उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया। बैठक के दूसरे मुख्य एजेंडे में मंदिर की दानपेटियां खोलने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार दानपेटियां सप्ताह में दो बार रविवार और बुधवार को सार्वजनिक रूप से खोली जाती थीं। अब पारदर्शिता को और अधिक मजबूत करने के लिए दानपेटियां सप्ताह में केवल एक बार हर बुधवार को सुबह 10:30 बजे निज मंदिर प्रांगण में सार्वजनिक रूप से खोली जाएंगी। इस दौरान कम से कम तीन ट्रस्टियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी। साथ ही, दान राशि को सुरक्षित बैंक तक पहुंचाने के लिए एसपी से दो घंटे के लिए सशस्त्र पुलिस बल मुहैया कराने की मांग की जाएगी। इस आपात बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष चिरोंजी लाल प्रजापति, सचिव ओमप्रकाश बरोनिया, कोषाध्यक्ष गुलशन जुनेजा, प्रवक्ता राजेश अग्रवाल सहित ट्रस्टी लक्ष्मण प्रसाद प्रजापति, राजेंद्र अग्रवाल गोपाल दाल मिल, रजनीश शर्मा पिंकू, जगदीश अग्रवाल, महावीर चौहान, पवन सोनी और मदन सोनी मुख्य रूप से मौजूद रहे।