सरहद पार होने से पहले थमा गांजे की तस्करी का खेल

मृगवास पुलिस की सटीक घेराबंदी, राजगढ़ और गुना के दो तस्कर दबोचे

सरहद पार होने से पहले थमा गांजे की तस्करी का खेल

गुना।अनंत न्यूज़

 मध्य प्रदेश से राजस्थान की ओर जा रही नशे की एक बड़ी खेप को मृगवास थाना पुलिस ने सीमा लांघने से पहले ही मटियामेट कर दिया। मुखबिर की सटीक और गोपनीय सूचना पर सक्रिय हुई सानई चौकी पुलिस ने बडकुआ के कच्चे रास्ते पर घात लगाकर दो ऐसे शातिर तस्करों को दबोचा है, जो बिना नंबर की बाइक से करीब दो किलोग्राम गांजा ठिकाने लगाने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात सानई चौकी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि चांचौड़ा की ओर से एक बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बेचने के इरादे से बडकुआ-मृगवास के रास्ते राजस्थान की तरफ जाने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बडकुआ के कच्चे रास्ते पर मोर्चा संभाला और घेराबंदी की। कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार मोटरसाइकिल सवार जैसे ही वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें बिना मौका दिए धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सुनील गुर्जर (22 वर्ष, निवासी ग्राम गोविंदपुरा, चांचौड़ा) और विनोद गुर्जर (30 वर्ष, निवासी ग्राम जरकड़िया खेड़ी, जिला राजगढ़) बताए। पुलिस द्वारा ली गई विधिवत तलाशी के दौरान उनके पास मिले थैले से कुल 2.039 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बाजार मूल्य के अनुसार करीब एक लाख रुपये का गांजा और तस्करी में प्रयुक्त एक लाख रुपये की मोटरसाइकिल सहित कुल दो लाख रुपये का मशरूका जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मृगवास थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरी सफल कार्रवाई में मृगवास थाना प्रभारी संदीप यादव और सानई चौकी प्रभारी नीरज लोधी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।