'भये प्रकट कृपाला दीनदयाला' के जयघोष से गुंजायमान हुआ शहर

रघुवंशी समाज ने निकाला भव्य चल समारोह

'भये प्रकट कृपाला दीनदयाला' के जयघोष से गुंजायमान हुआ शहर
चल समारोह में शामिल हुए बड़ी संख्या में समाजजन।

अनंत न्यूज़ @गुना। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव 'रामनवमी' जिले भर में अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रघुवंशी समाज द्वारा हर साल की तरह इस बार भी शहर में भव्य चल समारोह निकाला गया। भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और भगवान रामलला की मनमोहक झांकियों ने पूरे शहर को राममय कर दिया।

जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत रामनवमीं से एक दिन पहले 26 मार्च को प्रताप छात्रावास परिसर में अखंड रामायण पाठ के साथ हुई थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न किया गया। जैसे ही घड़ी की सुइयों ने दोपहर के 12 बजाए, भगवान रामलला का प्रतीकात्मक जन्म उत्सव मनाया गया। इस दौरान उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भये प्रकट कृपाला दीनदयाला का पाठ किया, जिससे पूरा परिसर भक्ति भाव में डूब गया। कार्यक्रम के दौरान प्रताप छात्रावास से भव्य चल समारोह का शुभारंभ हुआ। इस समारोह में भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण जी और संकटमोचन हनुमान जी की सजीव एवं आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं, जो मार्ग भर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए सैकड़ों समाजजनों ने जय श्रीराम के नारे लगाकर वातावरण को गुंजायमान कर दिया। चल समारोह प्रताप छात्रावास से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों—जगदीश कॉलोनी, हाट रोड, सदर बाजार, लक्ष्मीगंज, जयस्तंभ चौराहा और हनुमान चौराहा होते हुए पुन: प्रताप छात्रावास प्रांगण पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा और शीतल जल की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। समारोह का समापन प्रताप छात्रावास में आयोजित भव्य महाआरती के साथ हुआ। धार्मिक और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम के अंत में विशाल महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ लिया। रघुवंशी समाज के पदाधिकारियों ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया।