पुलिस ने जनसहयोग से बिछाया सीसीटीवी कैमरों का जाल
60 नागरिक सम्मानित
गुना। अनंत न्यूज़
शहर सहित पूरे जिले में आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए गुना पुलिस आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग कर रही है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। शहर के प्रमुख स्थानों पर जनसहयोग से लगाए जा रहे इन कैमरों को सीधे पुलिस सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बेहद मजबूत हो गई है।
इस अभियान के तहत उन निजी और सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। इन कैमरों की मदद से पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रख रही है, जिससे अपराधों के खुलासे में बड़ी सफलता मिल रही है। हाल ही में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर बैंकों के बाहर अनिवार्य रूप से कैमरे लगाने और उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ने के निर्देश दिए थे। इसके पालन में स्टेट बैंक आॅफ इंडिया और इंडियन बैंक ने तत्परता दिखाते हुए कैमरे स्थापित कर उन्हें पुलिस कंट्रोल से कनेक्ट कराया है।
सराहनीय योगदान के लिए 60 नागरिक सम्मानित
शहर की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नागरिकों का उत्साहवर्धन करने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने करीब 60 जनभागीदारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और शहर की सुरक्षा में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ें, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
ये रहे उपस्थित
समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर, सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा, एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना, रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय, कंट्रोल रूम प्रभारी विकास उपाध्याय, कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा, कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव, सीसीटीवी कंट्रोल प्रभारी भूपेन्द्र सेंगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और स्टाफ मौजूद रहा।