नेटवर्क की समस्या आई तो नीम के पेड़ पर चढ़ स्वास्थ्य विभाग नें बना डाले 21 आयुष्मान कार्ड

नेटवर्क की समस्या आई तो नीम के पेड़ पर चढ़ स्वास्थ्य विभाग नें  बना डाले 21 आयुष्मान कार्ड

अनंत न्यूज़ @ गुना। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान जोरों पर है। इसी अभियान के दौरान चांचौड़ा विकासखंड के ग्राम कुसुमपुरा से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि यदि मन में सेवा का भाव और कार्य के प्रति लगन हो, तो विपरीत परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं।
बीएमओ बीनागंज डॉ. राजेश कुमार पुष्पक के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्राम कुसुमपुरा पहुंची थी। टीम में सीएचओ सुल्तान सिंह भील, आशा सुपरवाइजर रेखा भील और आशा कार्यकर्ता फिल्मा बाई शामिल थीं। जैसे ही टीम गांव पहुंची, ग्रामीण कार्ड बनवाने के लिए उमड़ पड़े, लेकिन सबसे बड़ी बाधा मोबाइल नेटवर्क की थी। नेटवर्क न होने के कारण आॅनलाइन पोर्टल नहीं खुल रहा था और कार्ड बनाना असंभव लग रहा था। ऐसे में हार मानने के बजाय सीएचओ सुल्तान सिंह भील ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। वे ऊंचे नीम के पेड़ पर चढ़ गए और वहां एक सुरक्षित स्थान पर अपना मोबाइल रखा, जहां नेटवर्क मिल रहा था। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल का वाई-फाई आॅन किया, जिससे नीचे मौजूद आशा कार्यकर्ता के मोबाइल को कनेक्ट किया गया। इस अनूठे जुगाड़ की मदद से टीम ने सफलतापूर्वक 21 आयुष्मान कार्ड मौके पर ही तैयार कर दिए।

टीम की लगन की सराहना


स्वास्थ्य विभाग की इस कार्यक्षमता और समर्पण को देखकर ग्रामीण काफी खुश हुए और उन्होंने टीम की प्रशंसा की। बीएमओ डॉ. राजेश कुमार पुष्पक ने भी सीएचओ और पूरी कुसुमपुरा टीम की सराहना करते हुए कहा कि जो व्यक्ति लगन से कार्य करना चाहता है, वह रास्ता निकाल ही लेता है। उन्होंने अन्य क्षेत्रीय कार्यकतार्ओं से भी इसी प्रकार समर्पण के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की अपील की है।