नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, बोलीं कामना सिंह भदौरिया—70 करोड़ महिलाओं का हुआ अपमान
गुना में भाजपा की प्रेस वार्ता, विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकार रोकने का आरोप
गुना।अनंत न्यूज़
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। गुना में आयोजित पत्रकार वार्ता में भिंड से जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि अधिनियम को रोककर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने देश की 70 करोड़ महिलाओं का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके जैसे दल इसमें बाधा बन रहे हैं। भदौरिया ने कहा कि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती, और देश की महिलाएं इस घटनाक्रम को देख रही हैं।
भदौरिया ने कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाते हुए शाहबानो प्रकरण, तीन तलाक और अनुच्छेद 370 से जुड़े मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों पर कांग्रेस का रुख महिलाओं के हित में नहीं रहा है।
परिसीमन को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुसार यह प्रक्रिया जनगणना के बाद परिसीमन आयोग के माध्यम से होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा और संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा अब केवल संसद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जन-जन का मुद्दा बनेगा और देश की महिलाएं इसका जवाब देंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती राजेश राजपूत और जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।