नाबालिग बच्चियों से दरिंदगी के खिलाफ गुना में फूटा गुस्सा
संगठनों ने हनुमान चौराहे पर किया संयुक्त प्रदर्शन
गुना।अनंत न्यूज़
पश्चिम बंगाल के बरुईपुर और राजस्थान के श्रीगंगानगर में नाबालिग बच्चियों के साथ हुए जघन्य बलात्कार व सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में हनुमान चौराहे पर संगठनों ने संयुक्त प्रदर्शन किया। आॅल इंडिया स्टूडेंट्स आॅर्गनाइजेशन, आॅल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन और आॅल इंडिया यूथ आॅर्गनाइजेशन के बैनर तले जुटे कार्यकर्ताओं व आमजन ने आरोपियों को उदाहरणमूलक सख्त सजा देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान एआईएमएसएस की जिला सचिव एडवोकेट सीमा राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में 11 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव तालाब में फेंकने और राजस्थान में 13 वर्षीय मासूम को बेचकर 32 लोगों द्वारा दरिंदगी करने जैसी घटनाएं रूह कंपा देने वाली हैं। उन्होंने समाज में बढ़ती अनैतिकता और देह व्यापार के दलदल पर चिंता जताते हुए कहा कि आज जिला व प्रदेश स्तर पर भी ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। संगठनों ने बुद्धिजीवियों से एकजुट होने की अपील करते हुए मांग की है कि महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा के लिए तमाम तरह के नशे, पोर्न वेबसाइट्स और वीडियो पर तुरंत पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही समाज को अनैतिक कृत्यों से बचाने के लिए एक व्यापक सांस्कृतिक मुहिम चलाई जाए। प्रदर्शन का संचालन प्रगति नामदेव और अजय राव ने किया।