गुना पुलिस की मानवीय पहल: भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए जल व्यवस्था

गुना पुलिस की मानवीय पहल: भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए जल व्यवस्था

अनंत न्यूज़ @गुना। भीषण गर्मी के बीच पशु-पक्षियों के संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुना पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा सराहनीय पहल की गई है।शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस कंट्रोल रूम एवं पुलिस लाइन परिसर में पक्षियों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के सकोरों में पानी भरकर रखा गया, ताकि गर्मी से परेशान पक्षियों को राहत मिल सके।

इस अभियान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन, कंट्रोल रूम स्टाफ के साथ-साथ वन विभाग के कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने उत्साहपूर्वक इस मानवीय कार्य में भाग लेते हुए सकोरों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी ली।

इस अवसर पर कप्तान हितिका वासल ने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी रखना एक छोटी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण पहल है, जो जीवों के प्रति हमारी संवेदनशीलता को दर्शाती है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें।

गुना पुलिस की यह पहल समाज में पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का सकारात्मक संदेश दे रही है।