पूर्व एसपी के समर्थन में रैली,नागरिकों ने कलेक्ट्रेट पहुंच मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सोशल मीडिया पर शहर कोतवाल के खिलाफ मुहिम तेज

पूर्व एसपी के समर्थन में रैली,नागरिकों ने कलेक्ट्रेट पहुंच मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पूर्व एसपी के समर्थन में रैली निकालते नागरिक।

अनंत न्यूज़ @गुना। नोटकांड और कोतवाली से जुड़े एक मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों के समर्थन व विरोध का दौर जारी है। बुधवार को गुना के पूर्व एसपी अंकित सोनी के समर्थन में नागरिकों का एक समूह रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। वहीं कोतवाली टीआई सीपीएस चौहान के खिलाफ सोशल मीडिया पर मुहिम तेज हो गई है।

गौरतलब है कि धरनावदा थाने से जुड़े एक चर्चित मामले को लेकर गुना के पूर्व एसपी अंकित सोनी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने सुशासन का हवाला देते हुए हटा दिया था। मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को गुना में आम नागरिकों के एक समूह ने हनुमान चौराहे से रैली निकाली। इसके बाद कलेक्टेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। जिसमें कहा गया है कि तत्कालीन एसपी अंकित सोनी के स्थानांतरण को निरस्त किया जाए। रैली निकालने वालों का दावा है कि अंकित सोनी की छवि खराब करने के प्रयास किए गए हैं, जिसके चलते उन्हें गुना से हटाया गया है। ज्ञापन में एसपी द्वारा जिले में बंधुआ मजदूरों को छुड़ाने, सट्टा-जुआ पर नकेल कसने जैसे सराहनीय कार्यों की बात कही गई है। वहीं दूसरी ओर कोतवाली टीआई सीपीएस चौहान को लेकर भी एक मुहिम शुरु हो गई है। जिसमें उनकी छवि को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं और न्यायालयीन कार्रवाई जारी रहने का हवाला देते हुए उन्हें कोतवाली से हटाने की मांग की जा रही है। इस मामले में बुधवार को एक और घटनाक्रम तब सामने आया जब कांग्रेस नेता और वार्ड 21 के पार्षद रामवीर जाटव ने टीआई चौहान के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए उनके क्षेत्र में चोरी, अवैध शराब बिक्री, सट्टा जैसे कारोबार फलने-फूलने का आरोप लगाया। जाटव ने स्पष्ट लिखा है कि टीआई को इस घटनाओं के बारे में बताने का प्रयास करने पर वे फोन उठाना ही उचित नहीं समझते हैं। कांग्रेस नेता एक पुलिसकर्मी का भी सीधा नाम लेकर उसके संरक्षण में हड्डीमील क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इन घटनाओं और अवैध कारोबार का विरोध करने के चलते उनकी जान को खतरा है।