'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान

सातवें दिन पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को दिया नशामुक्त जीवन का संदेश

'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान

गुना। अनंत न्यूज़

नशामुक्त व स्वस्थ समाज निर्माण के लिए पुलिस मुख्यालय के निदेर्शानुसार 15 से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे विशेष अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के तहत गुना पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के सातवें दिन टेकरी रोड स्थित एक निजी होटल में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयोजन में युवा संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने मुख्य अतिथि के रूप में युवाओं को संबोधित किया।

पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से संवाद करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र का भविष्य हैं, यदि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में ऊर्जा लगाएंगे तो सुरक्षित और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण होगा। इसी क्रम में बमोरी, कुंभराज, जामनेर, सिरसी, धरनावदा, विजयपुर, मक्सूदनगढ़ और राघौगढ़ सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों व सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली, निबंध व स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस ने आमजन से अवैध नशीली गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।