नवरात्र समापन पर भव्य चल समारोह, जयकारों से गूंजा गुना
राष्ट्रवादी संघ ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, सिंगवासा तालाब पर हुआ विसर्जन
अनंत न्यूज़ @गुना | शक्ति की आराधना के पावन पर्व नवरात्र के समापन पर गुना शहर भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। तलैया मोहल्ला में विराजित माता महाकाली की भव्य झांकी के समापन उपरांत नगर में विशाल चल समारोह निकाला गया, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों, जयकारों और भक्ति गीतों के साथ निकला यह चल समारोह पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र बना रहा और अंत में सिंगवासा तालाब पर माता की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
चल समारोह का स्वागत राष्ट्रवादी संघ द्वारा बोहरा मस्जिद के पास पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण “जय माता दी” के उद्घोष से गूंज उठा, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ गया।
भक्ति और आस्था का संगम
तलैया मोहल्ला में स्थापित माता महाकाली की झांकी ने पूरे नवरात्र पर्व में श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। समापन दिवस पर निकले इस चल समारोह ने शहर में आस्था और उत्सव का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर राष्ट्रवादी संघ की ओर से एडवोकेट मनोज सिंह राठौड़, कप्तान राव देशमुख, विकास शर्मा, संजय सोनी, संदीप गोस्वामी, आकाश जैन, भगवान लाल, गुलशन बेरुआ, वरुण विश्वकर्मा, सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।