थैलेसिमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए गुना पुलिस का मानवीय चेहरा

झागर चौकी में आयोजित रक्तदान शिविर में 22 यूनिट रक्त एकत्रित

थैलेसिमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए गुना पुलिस का मानवीय चेहरा
रक्तदान करते पुलिस अधिकारी।

अनंत न्यूज़ @गुना। मानवता की सेवा और सामाजिक सरोकार की दिशा में गुना पुलिस ने एक और सराहनीय कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में थाना धरनावदा अंतर्गत पुलिस चौकी झागर में थैलेसिमिया पीड़ित बच्चों की सहायता हेतु रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। चौकी प्रभारी अनिल कदम एवं समस्त स्टाफ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में पुलिसकर्मियों और स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

समाजसेवी प्रमोद भार्गव ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि गुना जिले में कई बच्चे थैलेसिमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, जिन्हें जीवन जीने के लिए हर महीने नए रक्त की अनिवार्य आवश्यकता होती है। इसी आवश्यकता को पूरा करने और लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग और ब्लड बैंक के सहयोग से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज झागर चौकी में रक्तदान का विशेष मंच सजाया गया। शिविर में कुल 22 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। स्वयं पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने शिविर में पहुँचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और समाज के अन्य लोगों से भी इस पुनीत कार्य में जुड़ने की अपील की। एसपी ने कहा कि आपके द्वारा दान की गई रक्त की एक बूंद किसी मासूम को नया जीवन दे सकती है। रक्तदान करने वालों में अनिल कदम, जोगेश शर्मा, पवन शर्मा, राघवेन्द्र सोलंकी, सोनू जाटव, रामावतार, रविंद्र सोलंकी, धर्मेंद्र शर्मा, जितेंद्र सिंह किरार, दिलीप लोधी, सरनाम वंजारा, धर्मेन्द्र किरार, अवदेश रावत, सचिन तोमर, संजीव यादव, नरेंद्र मीणा, वनीत लोधी, सीताराम शिवहरे और वलदाव मीणा प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी डूडवे, ब्लॉक मेडिकल आॅफिसर लक्ष्मीकुमार सहित धरनावदा थाना और झागर चौकी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं जिला स्वास्थ्य विभाग एवं गुना ब्लड बैंक की ओर से नीलेश झा, सुरेश नामदेव, रानी साहू, वृजेंद्र सिकरबार, राहुल लववंशी, कल्पु प्रजापति, विनोद रजक, प्रभात एवं आदित्य यादव ने अपनी तकनीकी सेवाएँ प्रदान कीं।