तीन थानों की घेराबंदी में तीन तस्कर गिरफ्तार

पुलिस कप्तान हितिका वासल के नेतृत्व में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई

तीन थानों की घेराबंदी में तीन तस्कर गिरफ्तार

गुना। अनंत न्यूज़

जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और नशे के काले कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए गुना पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में मृगवास, मधुसूदनगढ़ और जामनेर पुलिस ने अलग-अलग कार्यवाहियां करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस ने इनके कब्जे से करीब साढ़े चार किलोग्राम गांजा और गांजे के 15 नग हरे पौधे जप्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत मोटरसाइकिल सहित लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये है। पहली कार्रवाई मृगवास थाना पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर सानई-मृगवास रोड स्थित पीपलखेड़ी तालाब के पास की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर अपाचे मोटरसाइकिल पर आ रहे संदिग्ध तेजकरण मीना (21 वर्ष), निवासी कुंभराज को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 1.233 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल सहित 2 लाख रुपये का मशरूका जप्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में मृगवास थाना प्रभारी संदीप यादव और सानई चौकी प्रभारी नीरज लोधी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। दूसरी कार्रवाई में मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तोरई रोड से घेराबंदी कर आरोपी गोपाल यादव (48 वर्ष) को पकड़ा, जिसके कब्जे से 1.115 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। वहीं, तीसरी कार्रवाई जामनेर थाना पुलिस ने की, जहाँ मुखबिर की सूचना पर ग्राम केरगढ़ में दबिश देकर आरोपी करण सिंह भील (69 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने अपने घर के पास खोड़ा में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रखी थी, जहाँ से पुलिस ने गांजे के 15 हरे पौधे जप्त किए। गुना पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के खिलाफ यह कठोर अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।