गेहूं खरीदी केंद्र पर अचानक पहुंचे कमिश्नर
कांटों की तौल से लेकर सर्वेयर के सैंपल्स तक की बारीकी से जांच
गुना।अनंत न्यूज़
रबी सीजन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी 'गेहूं उपार्जन' की हकीकत जानने के लिए संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने शनिवार को राघौगढ़ और गुना क्षेत्र का तूफानी दौरा किया। उन्होंने देवांशी वेयरहाउस स्थित सेवा सहकारी समिति गावरी के खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अपनी कसौटी पर परखा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त खत्री का पूरा ध्यान इस बात पर रहा कि किसानों की उपज की तौल में कोई गड़बड़ी न हो। उन्होंने केंद्र पर संचालित सभी 6 कांटों की जांच की, जो मौके पर सुचारू रूप से कार्य करते पाए गए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तुलाई प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति बनी रहनी चाहिए ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े। प्रशासनिक औपचारिकताओं से इतर, आयुक्त ने केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पूछा कि पंजीयन से लेकर उपज बेचने तक उन्हें किसी परेशानी का सामना तो नहीं करना पड़ रहा। किसानों से फीडबैक लेने के बाद उन्होंने केंद्र प्रभारी को हिदायत दी कि किसानों की छोटी से छोटी समस्या का निराकरण तत्काल मौके पर ही किया जाए। कमिश्नर ने केवल तौल ही नहीं, बल्कि क्वालिटी कंट्रोल पर भी नजर रखी। उन्होंने सर्वेयर द्वारा लिए गए गेहूं के नमूनों (सैंपल्स) और रिकॉर्ड में की गई प्रविष्टियों का मिलान किया। वेयरहाउस की क्षमता का आकलन करते हुए उन्होंने पाया कि अगले तीन दिनों में यह पूरी तरह भर सकता है। इसे देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैकल्पिक भंडारण की व्यवस्था समय रहते कर ली जाए, ताकि उपार्जन कार्य में कोई बाधा न आए।
धूप और प्यास का रखा ध्यान
बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने केंद्र पर किसानों के लिए पेयजल और छाया की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि केंद्र पर आने वाले अन्नदाता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।