गुना में बूढ़े बालाजी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में भड़की भीषण आग : बारिश के बीच फैला करंट, टला बड़ा हादसा

गुना में बूढ़े बालाजी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में भड़की भीषण आग : बारिश के बीच फैला करंट, टला बड़ा हादसा

अनंत न्यूज़ @ गुना। शहर के बूढ़े बालाजी क्षेत्र स्थित टेकरी रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीपी चौराहे पर रखे एक ट्रांसफार्मर ने अचानक भीषण आग पकड़ ली। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें काफी दूर से ही आसमान में दिखाई दे रही थीं। घटना के वक्त क्षेत्र में बारिश हो रही थी, जिससे आसपास करंट फैलने का खतरा बढ़ गया और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल रहा था, उस समय तेज बारिश भी हो रही थी। पानी के कारण सड़क पर करंट फैलने की आशंका बनी हुई थी। गनीमत यह रही कि समय रहते लोग वहां से हट गए और कोई भी इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। इस घटना ने विद्युत विभाग के मेंटेनेंस के दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय नागरिकों में विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती की जाती है। इसके बावजूद ट्रांसफार्मरों में आए दिन फॉल्ट और आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला जा रहा है। आगजनी की इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप हो गई। देर रात तक लोग अंधेरे में रहे और करंट के डर से घरों के बाहर निकलने में कतराते रहे। हालांकि सुबह होते ही बिजली कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफार्मर बदल दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में बिजली सप्लाई शुरु हो सकी।