गुना में दर्दनाक सड़क हादसा मक्का से भरे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत और चार गंभीर रूप से घायल

गुना में दर्दनाक सड़क हादसा   मक्का से भरे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत और चार गंभीर रूप से घायल

गुना। जिला मुख्यालय के कुसमौदा क्षेत्र में बुधवार को उस समय मातम पसर गया जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम के सामने हुई इस भीषण दुर्घटना में मैसी ट्रैक्टर शोरूम के कर्मचारी शिवनंदन शर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मक्का से भरा एक ट्रक रेलवे की महूगढा स्थित रैक पर माल खाली करने जा रहा था। कुसमौदा क्षेत्र में चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया और सबसे पहले शिवनंदन शर्मा की मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवनंदन की बाइक उछलकर सामने से आ रही दो अन्य मोटरसाइकिलों और एक स्कूटी से जा टकराई। एक के बाद एक हुई भिड़ंत में कुल दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में जान गंवाने वाले शिवनंदन के अलावा, ग्राम उदयपुरी से उपचार कराने गुना आ रहे कैलाश बाबू और दौलतराम भी बुरी तरह जख्मी हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये दोनों व्यक्ति गुना के जाने-माने चिकित्सक डॉ. आरबी धाकड़ के करीबी रिश्तेदार हैं। वहीं, राघोगढ़ निवासी 77 वर्षीय सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी कर्मचारी नारायण सिंह सिसोदिया और उनकी 62 वर्षीय पत्नी राजकुमारी सिसोदिया भी इस हादसे का शिकार हुए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गुना जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना का कारण बने ट्रक को पुलिस ने जप्त कर लिया है।