गुना में किसानों के हित में कांग्रेस का हल्लाबोल: जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का किया घेराव, सौपा ज्ञापन

गुना में किसानों के हित में कांग्रेस का हल्लाबोल: जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का किया घेराव, सौपा ज्ञापन

अनंत न्यूज़ @गुना | गुना में किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने बड़ा हल्लाबोल किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में विधायक जयवर्धन सिंह के साथ बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया, जहां राज्यपाल के नाम 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

सभा को संबोधित करते हुए जयवर्धन सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गेहूं खरीदी को लेकर तारीखों में बार-बार बदलाव कर किसानों को “अप्रैल फूल” बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुना में अभी तक स्लॉट बुकिंग शुरू नहीं हुई, जबकि अन्य जिलों में प्रक्रिया चालू हो चुकी है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसानों को एमएसपी का लाभ देने में विफल रही है और उपार्जन व्यवस्था में भेदभाव किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं की योजनाओं में कटौती और वादाखिलाफी के आरोप भी लगाए।

कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से भुगतान 7 दिन में सुनिश्चित करने, ऑफलाइन व्यवस्था लागू करने, ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को राहत, और गेहूं खरीदी दर बढ़ाने समेत 12 प्रमुख मांगें रखीं।

कार्यक्रम के अंत में दशहरा मैदान पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए प्याऊ का लोकार्पण किया गया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान कई स्थानीय नेताओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।