गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
अनंत न्यूज़ @गुना | जिले में नशा माफियाओं के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में फतेहगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। कुल मिलाकर करीब 1 लाख 75 हजार रुपये का मशरुका जप्त हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम फतेहगढ़-नाहरगढ़ रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ने पर उसके पास से गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान कल्लू राजपूत निवासी बमोरी क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उसके नेटवर्क और अन्य तस्करों की तलाश भी की जा रही है।
इस कार्रवाई में फतेहगढ़ थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।