गुना नगरपालिका की राजनीति से ज्योतिरादित्य सिंधिया अंजान! प्रस्ताव गिर रहे, पार्षद निलंबित हो रहे, सिंधिया को पता तक नहीं

गुना नगरपालिका की राजनीति से ज्योतिरादित्य सिंधिया अंजान!  प्रस्ताव गिर रहे, पार्षद निलंबित हो रहे, सिंधिया को पता तक नहीं
पत्रकार वार्ता में चर्चा करते सिंधिया

अनंत न्यूज़ @गुना। बीते 4 साल से राजनीति का अखाड़ा बनी गुना नगरपालिका में किस तरह तांडव मचा हुआ है, इस बारे में शहर का बच्चा-बच्चा भली-भांति परिचित है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि गुना सहित तीन जिलों की 8 विधानसभा क्षेत्र को अपना परिवार बताने और समझाने वाले केंद्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया नगरपालिका गुना में आने दिए मचने वाले भूचाल से पूरी तरह अंजान है।

दरअसल, गुना जिले के तीन दिनी दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार देर रात कलेक्ट्रेट में एक प्रशासनिक बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू थे। कुछ वयोवृद्ध पत्रकारों ने सिंधिया को नगरपालिका में मचने वाले घमासान के बारे में पूछा तो उन्होंने साफ मना कर दिया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी तक नहीं है। यहां तक कि पत्रकारों ने स्पष्ट बताया कि गुना नगरपालिका में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और पार्षदों का बहुमत होने के बावजूद आए दिन प्रस्ताव ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो जाते हैं। इतना ही नहीं अनुशासनहीनता के चलते पार्षदों को पार्टी से निलंबित तक किया जा चुका है। लेकिन सिंधिया ने इस बारे में जानकारी होने से इंकार कर दिया। उनके जवाब से पत्रकार वार्ता में मौजूद पत्रकार भी हैरान रह गए और एक-दूसरे का मुंह तांकने लगे। अपने तीन दिवसीय दौरे पर गुना पहुंचे केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार देर रात कलेक्ट्रेट में पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास से लेकर प्रशासनिक तालमेल तक के मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। सिंधिया ने स्पष्ट किया कि विकास की राह में बाधा बनने वाली विसंगतियों पर अब कठोर निर्णय लिए जाएंगे।