कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने किया आदर्श आंगनवाड़ी का निरीक्षण
बच्चों के साथ बिताया समय, ईंधन संरक्षण के लिए पेश की मिसाल
गुना।अनंत न्यूज़
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बुधवार को आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र खेरीखता का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल केंद्र की व्यवस्थाओं को देखा, बल्कि बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर उनसे सीधा संवाद भी किया।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी के बच्चों में भारी उत्साह देखा गया। रिद्धिमा नाम की नन्हीं बच्ची ने कलेक्टर को कहानी सुनाई, वहीं अन्य बच्चों ने पहाड़े और कविताएं सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलेक्टर ने बच्चों के आत्मविश्वास की सराहना की और उन्हें किताबें व खाद्य सामग्री वितरित की। केंद्र के पास खराब हैंडपंप की शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल पीएचई विभाग को फोन कर अगले दिन तक उसे ठीक करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरे में जिला प्रशासन की एक अनूठी और अनुकरणीय पहल भी सामने आई। राष्ट्रहित और ईंधन संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने अलग-अलग सरकारी वाहनों का उपयोग नहीं किया। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, उपसंचालक उद्यानिकी केपीएस किरार, एसडीएम शिवानी पांडे और अन्य जिला अधिकारी अलग-अलग गाड़ियों के बजाय एक ही वाहन में सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। वाहनों की सभी सीटों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित कर अनावश्यक ईंधन की खपत को रोका गया। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सरकारी खर्च में कटौती के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय स्टाफ मौजूद रहा।