एफडीडीआई पहुंचे सिंधिया, छात्रों से किया संवाद

एफडीडीआई पहुंचे सिंधिया, छात्रों से किया संवाद
एफडीडीआई में बने डिजाइन का अवलोकन करते सिंधिया।

अनंत न्यूज़ @ गुना / केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), गुना परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक व तकनीकी सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं व संकाय सदस्यों से सीधा संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।

परिसर पहुँचने पर एफडीडीआई के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा (आईआरएस), कार्यकारी निदेशक मंजु मन और वरिष्ठ अधिकारियों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संस्थान की डिजाइनिंग, कटिंग, क्लोजिंग, कंपोनेंट और लास्टिंग जैसी विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने फुटवियर डिजाइन और उत्पादन की बारीकियों का जीवंत प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत के युवा देश के भविष्य निर्माण की मुख्य कड़ी हैं। उन्होंने छात्रों को नवाचार, कौशल विकास और रचनात्मक सोच के साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया।