एक महीना पहले शुरु हुआ सत्र, नियमित कक्षाएं नहीं लगीं
एनएसयूआई ने कॉलेज प्राचार्य को दिया ज्ञापन
गुना।दयालवाणी
शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गुना में कक्षाओं का संचालन शुरू न होने से नाराज एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। कार्यकतार्ओं ने कॉलेज प्रशासन से शीघ्र सभी कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित करने और विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए छात्र नेताओं ने बताया कि अगस्त माह शुरू हो जाने के बावजूद भी कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम की नियमित कक्षाएं अभी तक शुरू नहीं हो सकी हैं। पढ़ाई प्रभावित होने के कारण छात्र-छात्राओं में भारी रोष व्याप्त है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सभी विषयों की कक्षाएं निर्धारित समय पर और नियमित रूप से लगाई जाएं। कक्षाओं में छात्र-छात्राओं की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि शैक्षणिक माहौल बेहतर हो सके। इस दौरान कॉलेज उपाध्यक्ष अंशुल रघुवंशी, दीपक जाटव, विकास रघुवंशी और अभिषेक यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित अध्यापन कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।