आतंक का दूसरा नाम जगनपुर क्षेत्र

महत्वपूर्ण प्रशासनिक दफ्तरों और विश्वविद्यालय के बीच चोरों का तांडव, सुरक्षा पर उठे सवाल

आतंक का दूसरा नाम जगनपुर क्षेत्र
बदमाशों ने दिया चोरी की वारदात को अंजाम।

गुना।अनंत न्यूज़

शहर का तेजी से विकसित और चर्चित हो रहा जगनपुर एवं प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी क्षेत्र इन दिनों अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है। यह पूरा इलाका स्थानीय निवासियों के लिए अब 'आतंक का दूसरा नाम' बन चुका है। कभी दिनदहाड़े या देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटनाएं तो कभी सिलसिलेवार चोरियों ने यहाँ के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

हाल ही में इस संवेदनशील क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त की पोल खोलते हुए भारी उत्पात मचाया है। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात हथियारों से लैस 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने जगनपुर स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी और उसके ठीक सामने स्थित सांईधाम पार्ट-2 कॉलोनी में जमकर आतंक मचाया। बदमाशों ने एक ही रात में आधा दर्जन से अधिक मकानों के ताले तोड़कर लाखों की नगदी और सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी वारदात कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्ध बदमाश हाथों में हथियार लिए घूमते साफ नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद से दोनों कॉलोनियों के रहवासियों में भारी दहशत और असुरक्षा का माहौल है।

इंटरनेट केबल काटी, ताकि कैमरे बंद हो जाएं

बदमाशों ने इस पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित और कूटनीतिक तरीके से अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले पीएम आवास कॉलोनी की इंटरनेट केबल काट दी, ताकि सीसीटीवी कैमरों के जरिए आॅनलाइन अपने घरों की निगरानी कर रहे लोगों को इस बात की भनक तक न लग सके। इसके बाद चोरों ने उन सभी मकानों के मुख्य दरवाजों की बाहर से कुंदी लगा दी, जिनमें परिवार के लोग मौजूद थे, ताकि कोई भी सदस्य बाहर निकलकर उनका विरोध न कर सके। इसके बाद बदमाशों ने सूने मकानों के ताले चटकाए और इत्मीनान से चोरी की।

सूने घर को बनाया निशाना

पीड़ित अमित शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे मायके गए हुए थे और वे स्वयं एटीएम पर नाइट ड्यूटी पर थे। सुबह जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर अलमारी टूटी पड़ी थी। पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था और जांच करने पर पत्नी का सोने का मंगलसूत्र, बच्चे के सोने के मोती, चांदी के जेवर सहित करीब 50 हजार नगद गायब मिले। अमित के अनुसार यह रकम उन्होंने कई महीनों से वाहन खरीदने के लिए पाई-पाई जोड़कर जमा की थी। इसके अलावा आसपास के दो अन्य मकानों में भी चोरी हुई, जिनके परिवार शादी समारोह में गए हुए थे। वहीं, सामने स्थित सांईधाम पार्ट-2 कॉलोनी में भी चोरों ने सेंधमारी करते हुए संस्कार श्रीवास्तव के घर के बरामदे से साइकिल और अन्य घरेलू सामान पार कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रहवासियों का गंभीर आरोप है कि पुलिस केवल औपचारिक जांच कर और आवेदन देने की बात कहकर लौट गई, जिससे लोगों में रोष है।

बढ़ रही है असुरक्षा की भावना

गौरतलब है कि जगनपुर और पीएम आवास कॉलोनी का यह पूरा बेल्ट भौगोलिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है। इस इलाके के ठीक आसपास एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, और क्रांति तात्याटोपे विश्वविद्यालय जैसे अति-आवश्यक शासकीय संस्थान स्थित हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। यह क्षेत्र शुरूआत से ही सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील साबित हो रहा है, जहाँ पूर्व में बदमाशों द्वारा सरेआम फायरिंग जैसी सनसनीखेज घटनाक्रम को भी अंजाम दिया जा चुका है। एक तरफ जहाँ यह इलाका बहुत तेजी से विकसित हो रहा है और यहाँ हजारों की आबादी निवास करने लगी है, वहीं दूसरी तरफ लगातार बढ़ रही चोरी की इन दुस्साहसिक घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा और गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बार-बार कमरों की बाहर से कुंदी लगाकर डकैती डालने के इस खौफनाक पैटर्न से लोग रात भर जागने को मजबूर हैं। यही कारण है कि अब जगनपुर और पीएम आवास क्षेत्र के समस्त रहवासी एकजुट होकर यहाँ कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए एक स्थाई पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग प्रखरता से उठा रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके और आम नागरिकों को भयमुक्त वातावरण मिल सके।