अस्पताल में तंबाकू खाने वाले 19 लोगों पर 21 हजार का जुर्माना
गुना।अनंत न्यूज़
जिला चिकित्सालय को स्वच्छ और तंबाकू मुक्त परिसर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में बुधवार को अस्पताल परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तंबाकू और धूम्रपान का सेवन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में तंबाकू का सेवन करते पाए गए 19 लोगों पर कुल 2,100 रुपए का जुमार्ना लगाया गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने न केवल आर्थिक दंड दिया, बल्कि इन सभी लोगों को टी.सी.सी. सेंटर (तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र) में रेफर भी किया गया, ताकि उन्हें इस जानलेवा लत को छोड़ने के लिए उचित परामर्श और राह दिखाई जा सके। निरीक्षण के दौरान राज्य स्तर से आए राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के उपसंचालक डॉ. राहुल भदौरिया ने जिले में चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पूर्णत: तंबाकू मुक्त रखना स्वास्थ्य और स्वच्छता दोनों दृष्टि से अनिवार्य है। इस अभियान को सफल बनाने में तंबाकू नियंत्रण नोडल आॅफिसर विनीता सोनी, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. सूरज सिंह, इमरती वर्मा, मुरारी लाल, जयवीर रघुवंशी, शैलेंद्र सिंह, रेखा शर्मा, सादिक खान, विवेक और मोनू जाटव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह का औचक निरीक्षण जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।