अब नहीं रहेगा खूंखार आवारा डॉग्स का डर

नपा ने शुरू किया एबीसी कार्यक्रम, आम जनता भी रख सकेगी पालतू और गली के डॉग्स

अब नहीं रहेगा खूंखार आवारा डॉग्स का डर

गुना।अनंत न्यूज़

शहर के नागरिकों को खूंखार आवारा डॉग्स के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद गुना ने एक बड़ी और राहत भरी शुरूआत की है। नपा द्वारा बुधवार से शहर के आवारा डॉग्स को पकड़ने की योजनाबद्ध कार्रवाई का शंखनाद कर दिया गया है। वार्ड क्रमांक 27 से शुरू हुई इस मुहिम के तहत पकड़े गए आवारा डॉग्स का विधिवत उपचार और नसबंदी की जाएगी, जिससे न तो उनकी आबादी बढ़ेगी और न ही उनका स्वभाव आक्रामक रहेगा।

इस पूरे अभियान के लिए वार्ड क्रमांक 21 में जगनपुर पानी की टंकी के पास एक अत्याधुनिक एनिमल बर्थ केंद्र बनाया गया है। प्रभारी सीएमओ मंजुषा खत्री ने जानकारी दी है कि गलियों और मोहल्लों से आवारा डॉग्स को सुरक्षित रूप से गाड़ी में लाकर इस केंद्र में रखा जाएगा। खास बात यह है कि इन्हें उनके मोहल्ले के हिसाब से ही अलग-अलग रखा जाएगा ताकि इनके बीच आपसी झगड़े न हों। जिन आवारा डॉग्स का यह उपचार पूरा हो जाएगा, उनकी पहचान के लिए उनके कान पर एक छोटा सा कट लगाया जाएगा। केंद्र में 7 दिनों तक रहने के दौरान इन्हें पौष्टिक आहार दिया जाएगा और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद इन्हें वापस उसी स्थान पर छोड़ दिया जाएगा, जहां से इन्हें उठाया गया था। इस प्रक्रिया के बाद डॉग्स के काटने से रेबीज होने का खतरा पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इस मामले को नपा अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने दावा किया है कि वे एक वर्ष से इस सेंटर को शुरु करने का प्रयास कर रही थीं, जो अंतत: सफल हुई है। अभियान के पहले दिन वार्ड 27 से लगभग 10 आवारा डॉग्स को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान नेता प्रतिपक्ष शेखर वशिष्ट, बृजमोहन खरे, अमित आर्य सहित एबीसी सेंटर के कर्मचारियों की प्रमुख भूमिका रही। नपा की इस पहल से गुना वासियों ने राहत की सांस ली है।