91 वर्ष की कमला देवी जैन ने नेत्रदान कर रोशन की दो जिंदगियां

91 वर्ष की कमला देवी जैन ने नेत्रदान कर रोशन की दो जिंदगियां

अनंत न्यूज़ @गुना | शहर में मानवता की मिसाल पेश करते हुए 91 वर्षीय स्वर्गीय श्रीमती कमला देवी जैन ने निधन के बाद भी दो लोगों की जिंदगी में रोशनी भर दी। उनके परिवारजनों ने सराहनीय निर्णय लेते हुए नेत्रदान कराया, जिससे दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को नई जिंदगी मिलने की उम्मीद जगी है।

लायंस नेत्र चिकित्सालय गुना की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नेत्र संकलन किया, जिसे तुरंत इंदौर भेजा गया, जहां इनका सफल प्रत्यारोपण किया जाएगा। इस पुनीत कार्य के लिए परिवार को प्रेरित करने में चंद्रेश जैन और विकास टांटिया की अहम भूमिका रही।

लायंस नेत्र चिकित्सालय द्वारा यह 44वां सफल नेत्रदान है, जिससे अब तक 88 लोगों को नेत्र ज्योति मिल चुकी है। यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणा है कि मृत्यु के बाद भी जीवनदान दिया जा सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, मृत्यु के 4 से 5 घंटे के भीतर नेत्रदान संभव होता है और किसी भी उम्र का व्यक्ति यह महादान कर सकता है।

नेत्रदान न केवल एक पुण्य कार्य है, बल्कि यह किसी की अंधेरी दुनिया में उजाला लाने का सबसे बड़ा माध्यम भी है।