2 अप्रैल को श्री हनुमान टेकरी धाम पर विशाल मेला, तैयारियाँ अंतिम चरण में

2 अप्रैल को श्री हनुमान टेकरी धाम पर विशाल मेला, तैयारियाँ अंतिम चरण में

अनंत न्यूज़ @गुना। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 2 अप्रैल को श्री हनुमान टेकरी धाम पर भव्य एवं विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। मंदिर ट्रस्ट एवं जिला प्रशासन पिछले एक माह से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

पूरे मंदिर परिसर की रंगाई-पुताई के साथ करीब 300 सीढ़ियों की सफाई एवं धुलाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस वर्ष टेकरी धाम को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं नायाब फूलों से भव्य रूप दिया जाएगा। गर्भगृह में बालाजी का श्रृंगार विशेष फूलों से किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

मंदिर के पट 1 अप्रैल की रात्रि 12:30 बजे खोल दिए जाएंगे। मंगला आरती 2 अप्रैल को प्रातः 4:15 बजे शुभ मुहूर्त में होगी, जबकि शयन आरती रात्रि 12:15 बजे संपन्न होगी।

इस बार पहली बार 500 स्वयंसेवक पुलिस बल के साथ मिलकर मेले की व्यवस्थाओं को संभालेंगे। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी।

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पार्किंग, मार्ग एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, धक्का-मुक्की से बचें और छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। महिलाओं से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे महंगे आभूषणों के स्थान पर नकली आभूषण पहनकर आएं।

इसके साथ ही मेले को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। श्रद्धालुओं से बायोडिग्रेडेबल थैलियों एवं पेपर कप के उपयोग की अपील की गई है।

इस ऐतिहासिक मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे गुना में उत्सव का माहौल बना हुआ है।