17 लाख की लूट का खुलासा करने वाली गुना पुलिस का व्यापारियों ने किया सम्मान
महज 18 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी हितिका वासल का हुआ अभिनंदन, व्यापारियों से CCTV नेटवर्क बढ़ाने की अपील
गुना |अनंत न्यूज़
शहर में हाल ही में हुई 17 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का महज 18 घंटे में खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली गुना पुलिस की कार्यप्रणाली की शहरभर में सराहना हो रही है। इसी कड़ी में व्यापार एवं उद्योग महासंघ के जिला अध्यक्ष एवं कैट के प्रदेश सचिव राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में महासंघ के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर व्यापारियों ने कहा कि गुना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर यह साबित किया है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। वहीं एसपी हितिका वासल ने व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधों की रोकथाम में पुलिस और आमजन की साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने शहर के व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और आसपास अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ने की अपील की, ताकि किसी भी वारदात का जल्द खुलासा किया जा सके।
सम्मान समारोह में महासंघ के उपाध्यक्ष महेश रघुवंशी, सचिव प्रद्युम्न जैन, सहसचिव अंकुर दुसाज, संगठन मंत्री रमेश जैन, मीडिया प्रभारी चंद्रेश अग्रवाल, टाइल्स एंड मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष रीतेश अग्रवाल, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जयप्रकाश जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।