हरियाली तीज व 'वेनिटी स्टार' थीम पार्टी में झूमीं महिलाएं, बिखरे सांस्कृतिक रंग

हरियाली तीज व 'वेनिटी स्टार' थीम पार्टी में झूमीं महिलाएं, बिखरे सांस्कृतिक रंग

गुना। दयालवाणी

शहर के निजी होटलों में हरियाली तीज और सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। चौरसिया समाज द्वारा आयोजित हरियाली तीज पार्टी में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान 30 से 45 और 46 से 60 वर्ष के दो आयु वर्गों में डांस कॉम्पिटिशन आयोजित किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में समाज सुधार के विषयों पर भी चर्चा हुई।

दूसरी ओर, श्रीजी वाटिका क्लब द्वारा 'वेनिटी स्टार' थीम पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में भारत की विविधता को पांच अलग-अलग थीमों के जरिए मंच पर उतारा गया। कश्मीरी फिरन में डल झील का नजारा, पंजाबी ढोल पर भांगड़ा, स्वतंत्रता दिवस थीम पर देशभक्ति की प्रस्तुति, बंगाली कला और राजस्थानी घूमर ने दर्शकों का दिल जीत लिया। आयोजन में संस्थापिका रजनी बिंदल, कोषाध्यक्ष रितु सलूजा, सचिव रचना अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष चंचल अग्रवाल और मीडिया प्रभारी अंशू अग्रवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहीं। अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।