रिहाइशी क्षेत्र में लगा था मौत का खंभा!
एक गाय और तीन सांडों की दर्दनाक मौत, लोग बोले-सबको पता था, बिजली कंपनी की लापरवाही थी
गुना।अनंत न्यूज़
सालभर मेंटीनेंस के नाम पर कटौती करने वाली बिजली कंपनी की लापरवाही से एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के भुल्लनपुरा चौराहे पर बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां करंट की चपेट में आने से एक गाय और दो सांडों की तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और गौसेवकों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस इलाके के हर व्यक्ति को पता था कि चौराहे पर मौत का खंभा लगा हुआ है, जिसमें करंट आ रहा है। बस बिजली कंपनी इससे अनजान थी।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 28-29 जून की दरमियानी रात लगभग 2 बजे की है। भुल्लनपुरा चौराहे पर लगे एक बिजली के खंभे में अचानक करंट उतर आया। बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक गाय इस खंभे की चपेट में आई थी। उसे तड़पता देख पास ही मौजूद दो सांड उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी खंभे में आ रहे तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि तीनों गोवंशों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुबह करीब 6 बजे जब स्थानीय लोग सड़कों पर निकले, तो उन्होंने यह भयावह मंजर देखा और तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग व गौसेवकों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गौसेवक मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। हंगामे की स्थिति को देखते हुए बिजली कंपनी के कर्मचारी और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है और तकनीकी टीम जांच कर रही है कि आखिर लोहे के खंभे में करंट किस वजह से उतरा।
हो सकती थी जनहानि
स्थानीय नागरिकों और गौसेवकों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण आज तीन बेजुबान गोवंशों की जान चली गई। भुल्लनपुरा एक व्यस्त चौराहा है; अगर सुबह के वक्त कोई नागरिक, राहगीर या छोटा बच्चा इस खंभे के संपर्क में आ जाता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। लोगों ने मांग की है कि शहर के सभी विद्युत पोलों की तत्काल चेकिंग कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
काश! हादसे से पहले सतर्क हो जाती बिजली कंपनी
भुल्लनपुरा तिराहे पर सामने आए घटनाक्रम ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। दरअसल, जिस जगह हादसा हुआ वह बेहद व्यस्ततम क्षेत्र है। यहां से एक तरफ आरोन तो दूसरी तरफ गुना के जयस्तंभ चौराहे की ओर आगमन होता है। घटनाक्रम की जानकारी मिलने के करीब एक घंटे बाद 7 बजे बिजली कंपनी का एक वाहन मौके पर पहुंचा। तब लोगों का आक्रोश दिखाई दे रहा है। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समझाइश दी कि जो कर्मचारी आए हैं उनका कोई दोष नहीं है। लोगों का कहना था कि इस इलाके में बीते दिनों ही कई बार मेंटीनेंस के नाम पर बिजली काटी गई। बीजी रोड, भुल्लनपुरा और औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार मेंटीनेंस बताया जाता है। लेकिन बिजली कंपनी को पता नहीं लगा कि खंभे से करंट आ रहा है। जबकि स्थानीय रहवासी यहां आने वाले कर्मचारियों को मौखिक तौर पर कई बार बता चुके हैं। सबका यही कहना था कि काश बिजली कंपनी हादसे से पहले सतर्कता बरतती तो इतनी बड़ी दुर्घटना सामने नहीं आती।