बीएसएनएल टावर में भीषण आग, नीचे चल रहा था स्कूल — गुड फ्राइडे की छुट्टी से टली बड़ी दुर्घटना
अनंत न्यूज़ @गुना |शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी के मेडिकल बगीचा इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक इमारत की दूसरी मंजिल पर लगे बीएसएनएल टावर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि टावर से जुड़ी केबल, बैटरियां, एसी और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
गनीमत रही कि नीचे संचालित सीएस कॉन्वेंट स्कूल आज गुड फ्राइडे की छुट्टी के कारण बंद था, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।
इस घटना के बाद रिहायशी क्षेत्रों में मोबाइल टावरों की स्थापना और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर चिंता देखी जा रही है।