बाल गृह पहुंचे एडीएम, बच्चों की पढ़ाई से सुरक्षा तक हर व्यवस्था परखी
योग, स्वास्थ्य परीक्षण और कौशल प्रशिक्षण पर दिया जोर; सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
ललितपुर।अनंत न्यूज़
अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव एवं जिला बाल कल्याण समिति ने मंगलवार को नेहरू नगर स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) तथा दैलवारा स्थित राजकीय बाल गृह (बालक) का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, चिकित्सा, खानपान, खेलकूद और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के रहने के कक्ष, रसोईघर, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा समय-समय पर बाल संरक्षण समिति द्वारा निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए योग और व्यायाम कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संस्थाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संस्थाओं की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के अध्यक्ष और सदस्य अजय बरया, सर्वदेव तिवारी, डॉ. संजीव शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।