नशे में दूल्हे की दबंगई पड़ी भारी: दुल्हन ने तोड़ी शादी, बिना दुल्हन लौटी बारात

दहेज की अतिरिक्त मांग और मारपीट के बाद लिया बड़ा फैसला, बकेवर थाने में शिकायत दर्ज

नशे में दूल्हे की दबंगई पड़ी भारी: दुल्हन ने तोड़ी शादी, बिना दुल्हन लौटी बारात

इटावा | अनंत न्यूज़ 

जनपद इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब दूल्हे ने नशे की हालत में दुल्हन के भाई के साथ मारपीट कर दी। इस घटना से नाराज दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

घटना बशिष्ठ वाटिका, ग्राम बहेड़ा की है, जहां पूरे रीति-रिवाज के साथ बारात का स्वागत किया गया था। जयमाला कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया, जब वर पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि दूल्हा नशे में था। जब दुल्हन और उसके भाई ने इसका विरोध किया, तो दूल्हे समेत वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन के भाई की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना से आहत दुल्हन रीना उर्फ काजल ने मौके पर ही शादी से इनकार कर दिया।

दुल्हन के पिता ने बकेवर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि शादी 11 लाख रुपए में तय हुई थी। इसके तहत 10 अप्रैल को 5 लाख रुपए सोने के आभूषण बनवाने के लिए दिए गए थे, जबकि 27 अप्रैल को रस्म के दौरान सोने-चांदी के जेवर, अन्य सामान और नकद राशि भी सौंपी गई थी।

बकेवर थाना प्रभारी विपिन मलिक के अनुसार, वधु पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।

फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और शादी समारोहों में बढ़ती बदसलूकी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।