नवागत एसपी हितिका वासल की पहली जनसुनवाई
सख्त तेवरों के साथ सुनीं शिकायतें, लापरवाह अधिकारियों को दी चेतावनी
अनंत न्यूज़ @गुना। जिले की कमान संभालते ही नवागत पुलिस अधीक्षक हितिका वासल एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभागृह में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में हितिका वासल ने पहली बार आवेदकों की समस्याएं सुनीं। अपनी पहली ही जनसुनवाई में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जनता की शिकायतों को लेकर किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने न केवल फरियादियों की बात को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना, बल्कि काम में ढिलाई बरतने वाले संबंधित अधिकारियों को कड़े लहजे में सुधार करने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। हितिका वासल ने प्रत्येक फरियादी से सीधा संवाद किया और उनके प्रकरणों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निराकरण के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं होगी। नवागत पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर केवल कागजी खानापूर्ति न की जाए, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो। उन्होंने यह भी साफ किया कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों की वे स्वयं सतत मॉनिटरिंग करेंगी ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, मारपीट, धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित अनेक प्रकरण सामने आए। कुछ गंभीर मामलों में उन्होंने मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए, वहीं लंबित विवेचनाओं के मामले में संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर तत्काल रिपोर्ट पेश करने को कहा। पहली ही जनसुनवाई में नवागत एसपी के इन कड़े तेवरों से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति देखी गई, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले समय में जिले की कानून व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।