जेल जाने से पहले रची थी 8 लाख के गुटखे की लूट
पुलिस ने 24 घंटे में बदमाशों को दबोचा
गुना। अनंत न्यूज़
कैंट थाना पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक गोदाम में हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में की गई इस प्रभावी कार्रवाई में पुलिस ने न केवल चोरी का माल बरामद किया, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई एक इको कार और बोलेरो पिकअप सहित कुल 25 लाख रुपये का मशरूका भी जब्त किया है।
इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड जेल में बंद शातिर अपराधी पवन रजक निकला, जिसने जेल जाने से ठीक पहले अपने अदालती खर्चों को निकालने के लिए इस सुनियोजित चोरी की साजिश रची थी। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि फरियादी अनुराग जैन ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17-18 अप्रैल की दरमियानी रात कुसमोदा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उनके पान मसाला गोदाम से अज्ञात बदमाशों ने 'पहेली' और 'विमल' ब्रांड के गुटखा पाउच की 27 बोरियां पार कर दी थीं। चोरी गए माल की कीमत लगभग 8 लाख रुपये थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर और सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें एक संदिग्ध पिकअप और इको कार नजर आई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 23 अप्रैल को पांच आरोपियों—उपेंद्र उर्फ भूपेंद्र रजक, नरेश अहिरवार, आर्यमन उर्फ काले खां पारदी, बलराम पारदी और राणा पारदी को गिरफ्तार कर लिया।
श्रीराम कॉलोनी में भी की थी वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने श्रीराम कॉलोनी निवासी पवन रजक के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि मुख्य सूत्रधार पवन रजक पूर्व में फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है और उसे हाल ही में 18 अप्रैल को हत्या के प्रयास के एक मामले में 5 साल की सजा सुनाई गई है, जिसके चलते वह वर्तमान में जिला जेल में बंद है। पवन ने अपने कानूनी केसों में होने वाले खर्च की भरपाई के लिए इस चोरी की रूपरेखा तैयार की थी। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने पान मसाला के 21 कट्टे और परिवहन में प्रयुक्त दोनों वाहन जब्त किए हैं।