जज्जी बस स्टैंड पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने मारे इमरजेंसी ब्रेक, बैंककर्मी भोपाल रेफर
गुना |दयालवाणी
शहर के व्यस्ततम जज्जी बस स्टैंड क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दुर्घटना घटित हुई। मूलत: रीवा निवासी धीरज मिश्रा, जो वर्तमान में गुना स्थित एचडीएफसी बैंक में कार्यरत हैं, शुक्रवार देर रात अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान जज्जी बस स्टैंड के पास आगे चल रहे इंडेन गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक (क्रमांक एमपी 04 जीबी 4651) के चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहे धीरज मिश्रा वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और उनकी तेज रफ्तार बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैंककर्मी सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में धीरज मिश्रा को शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर और नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत भोपाल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद मौका पाकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद जज्जी बस स्टैंड पर जमा हुई आक्रोशित भीड़ द्वारा ट्रक में तोड़फोड़ या किसी प्रकार का नुकसान पहुंचाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने त्वरित सूझबूझ दिखाई। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर सुरक्षा के लिहाज से कोतवाली थाने में खड़ा करवा दिया है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।