गुना में 16 से 18 अप्रैल तक लगेगा पतंजलि का इंटीग्रेटेड योग शिविर
तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न, स्वास्थ्य लाभ के लिए लोगों से जुड़ने की अपील
अनंत न्यूज़ @गुना। पतंजलि योगपीठ के तत्वावधान में शहर में 16 से 18 अप्रैल तक तीन दिवसीय इंटीग्रेटेड योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन संजय स्टेडियम स्थित महाराणा प्रताप पार्क में होगा, जहां योग के माध्यम से स्वास्थ्य सुधार पर विशेष फोकस रहेगा।
शिविर की तैयारियों को लेकर रविवार को बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी राजेंद्र आर्य ने की। कार्यक्रम मीडिया प्रभारी विकास जैन नखराली ने बताया कि शिविर स्वामी डॉ. परमार्थ देव के सानिध्य में आयोजित होगा।
इस तीन दिवसीय शिविर में योगासन, प्राणायाम, ध्यान और योगिक जीवनशैली के जरिए मधुमेह और मोटापे जैसी बीमारियों के प्रबंधन और नियंत्रण पर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजकों ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।
बैठक में पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी कृष्ण योगेंद्र रघुवंशी, महिला प्रभारी सुधा त्रिवेदी, संयोजक हरिसिंह यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शिविर को सफल और भव्य बनाने के लिए कार्य विभाजन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
विकास जैन का हुआ सम्मान
बैठक के दौरान पतंजलि परिवार ने वरिष्ठ सदस्य विकास जैन नखराली को मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट बनाए जाने पर माल्यार्पण कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।