गुना पुलिस की संवेदनशीलता से दो मासूम सुरक्षित घर पहुंचीं
गुना।अनंतन्यूज़
जिले में पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल एक बार फिर सामने आई है। पुलिस की सक्रियता से दो अलग-अलग स्थानों पर लावारिस हालत में मिली 2 वर्षीय और 11 वर्षीय बच्चियों को सकुशल उनके परिजनों से मिला दिया गया।
पुलिस कप्तान हितिका वासल के नेतृत्व में चल रही सतर्क कार्यप्रणाली के तहत यह सफलता मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों को सुलझाया।
पहले मामले में नानाखेड़ी क्षेत्र में करीब 2 साल की बच्ची लावारिस हालत में मिली। पुलिस उसे सुरक्षित कैंट थाने लेकर आई और त्वरित जांच-पड़ताल शुरू की। कुछ ही घंटों में बच्ची के परिजनों का पता लगाकर उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं दूसरे मामले में ग्राम नेगमा में 11 वर्षीय बालिका मिली, जिसे FRV स्टाफ द्वारा सुरक्षित थाना लाया गया। पूछताछ के बाद उसकी पहचान सुनिश्चित कर परिजनों को सूचना दी गई और बच्ची को सुरक्षित उनके हवाले किया गया।
इस सराहनीय कार्यवाही में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, आरक्षक देवेंद्र रघुवंशी, अंकित रघुवंशी, राजीव सेन एवं म्याना थाने से आरक्षक रंजीत रमन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गुना पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर भरोसा कायम किया है कि आपात स्थिति में पुलिस हर समय आमजन के साथ खड़ी है।