गुना जिला अस्पताल में 'ग्लूकोज ड्रामा'
पेड़ को बनाया स्टैंड और दोस्त बना डॉक्टर, नशे की हालत में किया गया हाईवोल्टेज ड्रामा
अनंत न्यूज़ @गुना। जिला अस्पताल परिसर में शुक्रवार को एक बेहद अजीबो-गरीब वाकया सामने आया, जिसे देखकर वहां मौजूद मरीज और परिजन दंग रह गए। दोपहर करीब 1 बजे दो युवकों ने अस्पताल परिसर में 'ग्लूकोज ड्रामा' शुरू कर दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, शुक्रवार 3 को दो युवक जिला अस्पताल पहुँचे थे। उनमें से एक ने तबीयत खराब होने और उल्टी की शिकायत करते हुए हाथ में ग्लूकोज की बोतल लगवाई। बोतल लगते ही वह युवक अस्पताल के अंदर रुकने के बजाय हाथ में बोतल लेकर परिसर के बाहर आ गया। इसके बाद जो नजारा दिखा वह हैरान करने वाला था; युवक ने पास ही लगे एक पेड़ को ग्लूकोज स्टैंड बना लिया और उस पर बोतल लटका दी। इस दौरान उसका दूसरा साथी 'डॉक्टर' बनकर उसका इलाज करने का स्वांग रचता नजर आया। अस्पताल परिसर में सरेआम चल रहे इस ड्रामे को देखकर राहगीरों ने इसका वीडियो बना लिया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवक आपस में दोस्त हैं और घटना के समय नशे की हालत में बताए गए हैं। नशे के सुरूर में ही उन्होंने अस्पताल परिसर के बाहर इस पूरी हरकत को अंजाम दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कैसे एक मरीज बोतल लेकर बाहर निकल गया और घंटों यह तमाशा चलता रहा।