कैंट थाने के पास अनाज से भरी ट्रॉली पलटी

सड़क निर्माण के चलते संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

कैंट थाने के पास अनाज से भरी ट्रॉली पलटी

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के केंट थाना इलाके में स्थित एक अस्पताल के सामने अनाज से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी के अनुसार, गिर्राज ट्रेडिंग कंपनी का करीब 200 बोरी धनिया नानाखेड़ी मंडी से भरकर वेयरहाउस की ओर ले जाया जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। गनीमत रही कि ट्रॉली पलटने के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि सड़क पर धनिया बिखरने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।

हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोड थी, जिसके कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। वहीं, दूसरी ओर कंपनी के मुनीम अशोक शर्मा ने इन दावों को खारिज करते हुए बताया कि ट्रॉली में क्षमता के अनुसार केवल 70 क्विंटल धनिया ही भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में वर्तमान में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है, जिससे सड़क कहीं ऊंची तो कहीं नीची है। इसी ऊबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरते समय ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली बीच सड़क पर ही पलट गई। घटना के बाद अनाज को दूसरी ट्रॉली में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई।