इटावा रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर प्रो. रामगोपाल यादव की बड़ी पहल, ट्रेनों के ठहराव समेत कई मांगें उठाईं

स्वतंत्रता सेनानी और अजमेर–सियालदाह एक्सप्रेस के स्टॉपेज, एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज, टीन शेड व प्लेटफॉर्म विस्तार की मांग

इटावा रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर प्रो. रामगोपाल यादव की बड़ी पहल, ट्रेनों के ठहराव समेत कई मांगें उठाईं
राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव

इटावा।अनंत न्यूज़

समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने इटावा रेलवे स्टेशन के विकास और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के साथ हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। प्रयागराज रेल मंडल क्षेत्र के सांसदों की बैठक में उन्होंने इटावा से दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि इटावा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए सुबह के समय ट्रेनों के बीच लंबा अंतराल रहता है। इसे देखते हुए उन्होंने 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के इटावा स्टेशन पर ठहराव की मांग की। साथ ही 12987-12988 अजमेर–सियालदाह एक्सप्रेस का स्टॉपेज भी इटावा में सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि यात्रियों को अजमेर के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सके।

उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की भी मांग उठाई। सांसद ने नई फ्रेंड्स कॉलोनी साइड स्टेशन बिल्डिंग में वृद्ध एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए एस्केलेटर लगाने, नए फुटओवर ब्रिज को प्लेटफॉर्म नंबर-1 से जोड़ने तथा लंबे समय से बंद पुराने फुटओवर ब्रिज को दोबारा शुरू करने की आवश्यकता बताई।

इसके अलावा उन्होंने प्लेटफॉर्म 1 से 5 तक पर्याप्त टीन शेड लगाने और प्लेटफॉर्म 1, 4 एवं 5 की लंबाई बढ़ाने की मांग की। उनका कहना था कि प्रतिदिन 22 से 24 हजार यात्रियों की आवाजाही वाले इटावा स्टेशन पर मौजूदा सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, जिससे गर्मी और बारिश के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बैठक में प्रो. रामगोपाल यादव ने सैफई रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण, वहां ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग भी रेलवे प्रशासन के समक्ष रखी। अब इटावा और आसपास के हजारों यात्रियों की नजर रेलवे प्रशासन के फैसले पर टिकी है कि इन मांगों पर कब तक अमल होता है।