अयोध्या की तरह सजा भैंसाना, आज से महायज्ञ का भव्य आयोजन
पार्वती नदी पर होगा डेढ़ हजार यजमानों का शुद्धिकरण स्नान
गुना। अनंत न्यूज़
राघौगढ़ क्षेत्र के ग्राम भैंसाना में 18 मई से 11 दिवसीय भव्य श्रीराम महायज्ञ का शुभारंभ होने जा रहा है। महायज्ञ को लेकर पूरी यज्ञ भूमि त्रेतायुग की अयोध्या की तरह सज-धजकर तैयार हो चुकी है, जहां सनातन धर्म और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। हनुमान आश्रम भैंसाना के तपोनिष्ठ बृजकिशोर पारीक गुड्डा महाराज के सानिध्य में पिछले 8 महीनों से इस महाअनुष्ठान की व्यापक तैयारियां की जा रही थीं।
सोमवार को यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर सुबह यज्ञ स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पार्वती नदी पर डेढ़ हजार यजमानों का पंचगव्य से शुद्धिकरण स्नान कराया जाएगा। इसके पश्चात हजारों महिलाओं की उपस्थिति में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा यज्ञ स्थल पहुंचकर संपन्न होगी, जिसके बाद वैदिक मंत्रोचार के साथ देवताओं का आह्वान कर यज्ञ की शुरूआत की जाएगी। महाआयोजन के लिए यज्ञ स्थल पर देश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संतों और प्रकांड विद्वानों का आगमन शुरू हो चुका है। गौरतलब है कि यहां बीते 2 मई से ही प्रतिदिन भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दूर से आकर सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं और पूरा क्षेत्र रामजी के जयकारों से गुंजायमान है।