राममय हुई राघौगढ़ की धरा

हनुमान आश्रम पर श्रीराम महायज्ञ शुरू, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

राममय हुई राघौगढ़ की धरा

गुना (राघौगढ़)। अनंत न्यूज़

भैंसाना हनुमान आश्रम की भूमि पर श्रीराम महायज्ञ में रामजी के पधारने का आह्वान हजारों श्रद्धालुओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा एवं यज्ञ स्थापना से शुरू हुआ। जहाँ सोमवार को महायज्ञ के लिए हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं एवं यजमानों सहित तपोनिष्ठ पं. गुड्डा महाराज के सानिध्य एवं विधायक जयवर्धन सिंह की मौजूदगी में पार्वती नदी से निकाली गई विशाल कलश यात्रा के दौरान यज्ञ क्षेत्र दूर-दूर तक राम के जयकारों से गुंजायमान हो गया। जहाँ पुष्प वर्षा से शुरू हुई कलश यात्रा दो किलोमीटर चलकर यज्ञ स्थल पर पहुंची। इस दौरान वेदाचार्यों ने वैदिक मंत्रों से यज्ञ स्थापना कराते हुए रामजी सहित देवी-देवताओं का आह्वान किया।

सोमवार को श्रीराम महायज्ञ से शुरू हुआ त्रिवेणी महाअनुष्ठान का अद्भुत नजारा पार्वती नदी से भैंसाना यज्ञस्थल तक उस समय सामने आया, जब व्यापक इंतजामों के बीच हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं एवं डेढ़ हजार से अधिक यजमानों द्वारा केसरिया ध्वजा के साथ पार्वती से यज्ञस्थल तक रामजी के जयकारों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान वेदाचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रों के बीच डेढ़ हजार से अधिक यजमानों को यज्ञ मंडप प्रवेश कराते हुए देवस्थापना कराई गई। पुलिस प्रशासन की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों के बीच शुरू हुए महायज्ञ के प्रथम दिन हजारों श्रद्धालुओं की आस्था यज्ञस्थल पर उमड़ती सामने आई। इस दौरान यज्ञमंडप में यज्ञकर्ता तपोनिष्ठ पं. बृजकिशोर पारीक (गुड्डा महाराज) ने यजमानों एवं श्रद्धालुओं के बीच कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज श्रीहनुमानजी की धरती पर श्रीरामजी सहित देवी-देवताओं का आगमन हो रहा है। हमें श्रीराम महायज्ञ के त्रिवेणी अनुष्ठान का धर्मलाभ उठाने की जरूरत है।

धर्म, अध्यात्म और प्राचीन संस्कृति के स्वरूप में सामने आई भैंसाना की भूमि पर शुरू हुए श्रीराम महायज्ञ को लेकर हजारों स्वयंसेवक यज्ञस्थल पर सेवाएं देने के लिए मैदान में पहुंच चुके हैं। जबकि कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में राघौगढ़ एसडीएम अमित सोनी, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीओपी दीपा डुडवे यज्ञस्थल की आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक्शन में नजर आ रहे हैं। जहाँ एसडीओपी एवं सभी थाना क्षेत्रों के नगर निरीक्षक एवं पुलिस बल सहित गुना-ग्वालियर के दो सौ सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं।